पलामू।
हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डेमा टोला पउरा स्थित बटाने नदी के बेलघटी के समीप शनिवार को बिहार के औरंगाबाद से पिकनिक मनाने आए तीन युवक नदी में नहाने के दौरान डूब गए। युवकों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने राजेंद्र साव (40) को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि दो युवक रितिक और टेनी के लापता होने की सूचना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नदी से बाहर निकाले गए राजेंद्र साव, बिहार के औरंगाबाद जिले के टीकरी पर-मिनी बिगहा निवासी बताए जा रहे हैं। बेहोशी की हालत में उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकनिक मनाने आए युवक कथित तौर पर नशे में थे। इसी दौरान वे नदी में नहाने के लिए उतर गए। कुछ युवक मोबाइल से सेल्फी और वीडियो बनाने में जुटे थे। इसी बीच तीन युवक नदी की तेज धार में बहकर गहरे पानी में चले गए। साथ आए एक युवक ने बताया कि रितिक और टेनी नदी में लापता हैं। स्थानीय लोगों ने काफी देर तक नदी में दोनों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना के एसआई अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए लोगों से घटना की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक दोनों लापता युवकों की तलाश जारी थी।






