पांडू/पलामू।
पांडू थाना क्षेत्र के जमुदाहा जंगल में शुक्रवार को एक महिला का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के साथ पांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, जंगल में मिले कंकाल के पास बरामद कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान भटवलिया निवासी सुनीता देवी (37 वर्ष), पति विनोद राम के रूप में की है। बताया गया कि सुनीता देवी 29 मई 2026 को सुबह लगभग 11 बजे जंगल में लकड़ी लाने गई थीं, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी थीं।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों का अनुमान है कि महिला की मौत जंगली जानवर के हमले में हुई हो सकती है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम व वैज्ञानिक जांच के लिए रांची भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पांडू थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है तथा अग्रेतर कार्रवाई जारी है।






