500 से अधिक वाहनों की जांच, ड्रिंक एंड ड्राइव में 3 पकड़े गए; ब्लैक फिल्म हटवाई गई
पलामू।
अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर पलामू पुलिस ने सोमवार की रात जिलेभर में विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 15 स्थानों पर सघन वाहन जांच की गई।
अभियान के दौरान संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर जांच की गई। अभियान में पुलिस पदाधिकारी और जवानों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
सदर थाना क्षेत्र में 133 वाहनों की जांच
सदर थाना क्षेत्र के जोड़ नेशनल हाईवे पर प्रशिक्षु डीएसपी मृत्युंजय गोप, सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश राम और शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में रात 8 बजे से 10 बजे तक जोड़ चेकिंग पिकेट के पास विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 133 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 76
मोटरसाइकिल और 57 कार शामिल थीं।
पुलिस टीम ने वाहन चालकों के कागजात, वाहन की स्थिति और सड़क सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच की। जांच के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में तीन लोगों को पकड़ा गया। वहीं, एक कार के शीशे पर लगी ब्लैक फिल्म भी पुलिस की नजर में आई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कार से ब्लैक फिल्म हटवा दी।
कई थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई जांच
चैनपुर थाना क्षेत्र में सदर एसडीपीओ राजेश यादव और थाना प्रभारी लालजी के नेतृत्व में वाहन जांच की गई। वहीं, नेशनल हाईवे-75 पर नावा बाजार, पड़वा, विश्रामपुर और रेहला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भी विशेष जांच अभियान चलाया।
इसके अलावा छतरपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में हरिहरगंज टोल प्लाजा के समीप, विश्रामपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में पड़वा एवं रेहला के बीच तथा लेस्लीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में लेस्लीगंज और पांकी क्षेत्र में भी वाहनों की जांच और एंटी क्राइम चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को रोककर नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अपनी तथा अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने की हिदायत दी।
एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी बारीकी से जांच की गई। पुलिस का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के साथ-साथ अपराध की रोकथाम और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना रहा।
पलामू पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और सभी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।






