पलामू।
चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी रौशन तिवारी ने सोमवार सुबह को मेदिनीनगर शहर थाना में सरेंडर कर दिया। बताया जा रहा है कि रौशन तिवारी अपने परिजनों के साथ सुबह करीब 6:30 बजे शहर थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। परिजनों की ओर से उसके सरेंडर करने का वीडियो भी सामने आया है। हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेडमा में विनीत तिवारी का उसके घर के समीप से अपहरण कर लिया गया था। आरोप है कि उसे कार से अगवा कर ले जाया गया। अगले दिन उसका शव सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके से नग्न अवस्था में बरामद किया गया था। पुलिस के अनुसार, मारपीट के बाद गला दबाकर उसकी हत्या किए जाने की बात सामने आई थी।
मामले में चर्चित अपराधी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल, उसके भाई दिलीप तिवारी, प्रशांत तिवारी, रोशन तिवारी और राकेश तिवारी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के कुछ दिनों बाद पुलिस ने प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल के बड़े भाई दिलीप तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, 23 मई को प्रशांत तिवारी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया गया था। बताया गया था कि प्रशांत करीब दो महीने से झांसी में छिपकर रह रहा था।
इधर, पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच सदर थाना क्षेत्र के बड़कागांव निवासी रोशन तिवारी ने सोमवार को शहर थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। बताया जा रहा है कि विनीत तिवारी की हत्या जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े विवाद को लेकर की गई थी। रोशन तिवारी के सरेंडर के बाद इस हत्याकांड में नामजद आरोपियों में प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और राकेश तिवारी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।






