पलामू।
पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत बसरिया गांव के पास शुक्रवार की रात हुई सड़क दुर्घटना में एक 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान तरहसी थाना क्षेत्र के बजलपुर गांव निवासी बोध साव के पुत्र सकेंद्र साव (32) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल सकेंद्र साव को इलाज के लिए तरहसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) रेफर कर दिया। एमएमसीएच पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि सकेंद्र साव शुक्रवार रात पांकी में अपने एक रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बसरिया गांव के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है तथा अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पांकी में सड़क हादसा, 32 वर्षीय युवक की मौत तिलक समारोह में जा रहा था युवक






