हुसैनाबाद (पलामू)।
हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव के समीप उत्तर कोयल मुख्य नहर के दूसरे किनारे गुरुवार को एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला और थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 से 50 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। वह ब्लैक-ग्रे धारियों वाली लुंगी और गोल्डन-पीले रंग की गंजी पहने हुए था। शव के पास से ऐसी कोई वस्तु बरामद नहीं हुई, जिससे उसकी तत्काल पहचान हो सके।
फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है और आसपास के थाना क्षेत्रों से भी संपर्क किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हुसैनाबाद में उत्तर कोयल मुख्य नहर किनारे अज्ञात अधेड़ का शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस






