होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

सिविल सर्जन के आश्वासन पर खत्म हुई एनएचएम कर्मियों की हड़ताल, 7–10 दिनों में बकाया वेतन भुगतान का भरोसा

On: March 13, 2026 7:45 AM
Follow Us:

मेदिनीनगर/पलामू।
पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव के आश्वासन के बाद एनएचएम कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन शुक्रवार दोपहर 4 बजे समाप्त हो गई। सिविल सर्जन द्वारा ट्रेजरी अधिकारी से बातचीत के बाद बकाया वेतन का भुगतान सात से दस दिनों के भीतर करने का भरोसा दिया गया। इसके बाद सभी कर्मियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया। जिनकी नाइट शिफ्ट है वे शुक्रवार रात से ही ड्यूटी करेंगे, जबकि दिन की शिफ्ट वाले कर्मचारी शनिवार से कार्य पर लौटेंगे। इससे पहले बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल के दूसरे दिन सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक कर्मियों ने धरना दिया। इसी दौरान सिविल सर्जन ने पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए कार्यालय में बुलाया। वार्ता में प्रथम डिप्टी मेयर मंगल सिंह भी मौजूद रहे।


वार्ता के बाद ठोस आश्वासन मिलने पर कर्मियों ने हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का निर्णय लिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर तीन माह का बकाया वेतन नहीं मिला तो फिर से आंदोलन किया जाएगा। कर्मियों ने आंदोलन में सहयोग के लिए प्रथम डिप्टी मेयर मंगल सिंह और पत्रकारों का आभार भी जताया।
वार्ता के दौरान बताया गया कि एएनएम सोनी कुमारी का डबल अकाउंट चल जाने के कारण भुगतान में तकनीकी अड़चन आ रही थी। अब इस त्रुटि को चिन्हित कर लिया गया है और एक सप्ताह के भीतर तीन महीने का बकाया वेतन भुगतान कर दिया जाएगा। इसके बाद कर्मियों से काम पर लौटने की अपील की गई।


गौरतलब है कि नवंबर 2025 से फरवरी 2026 तक के बकाया वेतन की मांग को लेकर पलामू के एनएचएम कर्मी गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे। आंदोलन के पहले दिन एमएमसीएच परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया था। हड़ताल के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ा और मरीजों को इलाज में परेशानी का सामना करना पड़ा।


मौके पर प्रथम डिप्टी मेयर मंगल सिंह ने कहा कि वेतन भुगतान के लिए गुरुवार से ही सक्रियता दिखाई गई और एक माह का भुगतान कराया गया है। शेष तीन माह का वेतन भी जल्द दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनएचएम कर्मी सेवा भाव से मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में अपनी सेवाएं देते हैं, ऐसे में उनका वेतन रोकना उचित नहीं है।
पलामू एनएचएम संघ के अध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने कहा कि लंबे समय से वेतन भुगतान की मांग की जा रही थी। हड़ताल के पहले दिन आनन-फानन में एक माह का वेतन दिया गया, लेकिन पूरा बकाया नहीं मिला। यदि सिविल सर्जन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलता तो आंदोलन जारी रहता।


सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रेजरी से जानकारी मिली है कि एएनएम सोनी कुमारी का डबल अकाउंट होने के कारण भुगतान में तकनीकी समस्या आ रही थी, जिसे ठीक किया जा रहा है। उम्मीद है कि एक सप्ताह के भीतर वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।


धरना-प्रदर्शन में चंचला कुमारी, शबाना, सुजीत कुमार, चंदन कुमार, अनुज श्रीवास्तव, श्रीपति, रंजन कुमार, दुर्गेश सिंह, सुजीत मिंज, पप्पू कुमार, धीरज, संजय ठाकुर, मधुप्रिया, पूर्णिमा कुमारी, रूपा कुमारी और चंदन पासवान समेत कई कर्मी मौजूद थे।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

error: Content is protected !!