मेदिनीनगर।
पलामू में मुक्केबाजी के विकास और जिले की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से बॉक्सिंग एसोसिएशन पलामू की कार्यकारिणी बैठक अध्यक्ष जैस रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक की अध्यक्षता में हुई। बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) मुक्केबाजी टीम के पूर्व कप्तान अनुपम तिवारी की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने अनुभव साझा करते हुए कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता को सफलता की कुंजी बताया।
अध्यक्ष बिट्टू पाठक ने कहा कि पलामू में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और उचित अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का संकल्प पलामू के खिलाड़ियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।
जिला सचिव अजय साहू ने कहा कि नियमित प्रशिक्षण, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक सोच को दिनचर्या में शामिल कर खिलाड़ी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
बैठक में समीक्षा कुमारी, आकृति कुमारी, जयंती कुमारी, अंशु कुमारी, कंचन कुमारी, संजना कुमारी, राजनंदन यादव और अमित कुमार कुशवाहा को सम्मानित किया गया। साथ ही ग्रामीण एवं प्रखंड स्तर तक मुक्केबाजी पहुंचाने, प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। बैठक में सन्नू खान, चंद्र प्रकाश पांडेय, खुरशीद आलम, देवांग शुक्ला, राजा गुप्ता समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।






