मोहम्मदगंज (पलामू)।
मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव स्थित कब्रिस्तान से सोमवार शाम एक लापता महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय नूरीसबा के रूप में हुई है, जो 8 जून से लापता थी।
जानकारी के अनुसार, महिला के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 11 जून को मोहम्मदगंज थाना में सनहा दर्ज कराया गया था। सोमवार को कब्रिस्तान के पास शव पड़े होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर मोहम्मदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला तथा थाना प्रभारी नारायण सोरेन भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
ग्रामीणों और परिजनों ने महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि मृतका के पति मुजाहिद शेख ने दूसरी शादी कर ली थी। उनका कहना है कि महिला के शरीर पर संदिग्ध निशान मिले हैं तथा तेजाब डालकर हत्या किए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
हालांकि पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।






