पलामू।
रांची से बिहार के मुजफ्फरपुर शराब तस्करी की योजना को विफल करते हुए पुलिस ने करीब दो लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई डालटनगंज-पांकी मुख्य पथ पर लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के पास की गई। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। मौके से रांची के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान मांडर थाना क्षेत्र के करगे बहेरा टोली निवासी अरसद अंसारी (24 वर्ष) और अनिल कुमार साहू (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बुधवार को बताया कि रांची से मुजफ्फरपुर शराब तस्करी की सूचना मिली थी। मंगलवार शाम करीब पांच बजे सूचना मिली कि बसौरा इंजीनियरिंग कॉलेज के पास एक संदिग्ध वाहन खड़ा है, जिसमें शराब लदी हुई है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम का गठन कर मौके पर भेजा गया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन जवानों ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वाहन से शराब बरामद हुई, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया।
पुलिस ने वाहन सहित शराब जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 750 एमएल की 218 बोतल तथा 375 एमएल की 48 बोतल जब्त की है। इस मामले में पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।
रांची से बिहार जा रहा दो लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार






