होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

पांकी में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

On: June 8, 2026 8:16 AM
Follow Us:

पांकी (पलामू)।
पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र स्थित इमली चौक के समीप सोमवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर के कारण हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पांकी पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने अंकित सिंह (पिता- अरुण सिंह), निवासी पथरा और दीपक कुमार यादव (पिता- पूरन यादव), निवासी कसमार शामगढ़, तरहसी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल नितिन कुमार (पिता- सत्येंद्र राम), निवासी बगलाडी तथा सुधांशु सिंह (पिता- उपेंद्र सिंह) का इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अंकित सिंह और नितिन कुमार एक बाइक से ट्यूशन पढ़ने जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से दीपक कुमार यादव और सुधांशु सिंह दूसरी बाइक से आ रहे थे। इमली चौक के पास दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दीपक, सुधांशु और नितिन को पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच भेजा गया।

इलाज के दौरान दीपक कुमार यादव ने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment