नौडीहा बाजार, पलामू।
पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देशन में नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए पूर्व पंचायत समिति सदस्य समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इन्वर्टर, बैटरी, कंप्यूटर सामग्री और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस को रविवार को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम नामुदाग निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य अवधेश कुमार भुईयां के घर में चोरी का सामान रखा गया है और उसे बेचने की तैयारी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी कर सघन तलाशी ली। इस दौरान भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ।
प्रेस वार्ता में पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चोरी की घटनाओं की सूचना मिल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवधेश कुमार भुईयां और उसके साले अमोद भुईयां को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में अवधेश ने कथित तौर पर कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी रात के अंधेरे में ब्लॉक कार्यालय, स्कूल, पंचायत भवन और अन्य सरकारी व शैक्षणिक संस्थानों के ताले तोड़कर कंप्यूटर, प्रिंटर, सीपीयू, इन्वर्टर और बैटरी समेत अन्य सामान चोरी करते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने छतरपुर प्रखंड कार्यालय, छतरपुर विद्युत कार्यालय, पाटन प्रखंड कार्यालय, नौडीहा बाजार प्रखंड कार्यालय, नामुदाग पंचायत सचिवालय, स्थानीय फोटो कॉपी दुकानों और नामुदाग हाई स्कूल समेत कई स्थानों से चोरी करने की बात स्वीकार की है।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 प्रिंटर, एक एसर लैपटॉप, एक एसर ऑल-इन-वन कंप्यूटर, एक लूमिनस बैटरी, एक डेल सीपीयू, एक लेनोवो सीपीयू, एक एसर डेस्कटॉप मॉनिटर, एक जेब्रोनिक्स होम थिएटर, एक रिकोह दीवार घड़ी, दो इन्वर्टर मशीन, एक लेमिनेशन मशीन, दो माउस, एक लैपटॉप चार्जर, एक एचपी गैस सिलेंडर, एक मूविंग चेयर और तीन स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद सामान का बाजार मूल्य करीब 50 लाख रुपये बताया जा रहा है।






