होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

पूर्व माओवादी विशाल यादव हत्याकांड का खुलासा, शराब पार्टी में विवाद के बाद पत्थर से कुचलकर की गई थी हत्या

On: June 15, 2026 8:00 AM
Follow Us:

पांडू (पलामू)।
पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र में 8 मई को हुए पूर्व माओवादी जगनारायण यादव उर्फ विशाल यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि विशाल यादव की हत्या शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद और पुरानी रंजिश के कारण की गई थी। मामले में एक आरोपी उमेश सिंह (38) को गिरफ्तार किया गया है गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी अपराधिक मामले दर्ज है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

विश्रामपुर के पुलिस अधिकारी चिरंजीव मंडल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी उमेश सिंह पांडू थाना क्षेत्र के बेलहरा गांव का निवासी है। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी घटना का खुलासा किया। घटना के दिन उमेश सिंह, विकास सिंह, अभिषेक कुमार सिंह और विशाल यादव एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे।

इसी दौरान विशाल यादव द्वारा कोल्डड्रिंक में थूक देने को लेकर विवाद शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार, इस विवाद के दौरान विकास सिंह और विशाल यादव के बीच पहले से चली आ रही पुरानी दुश्मनी भी सामने आ गई। बताया गया कि माओवादी गतिविधियों के दौरान विशाल यादव ने विकास सिंह के पिता के साथ मारपीट की थी, जिससे दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी हुई थी।

विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपियों ने मिलकर विशाल यादव की पिटाई कर दी। इसके बाद पास में पड़े एक भारी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद सभी आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए थे।
जांच के दौरान मृतक की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के कव्वल टोला जंगवल निवासी जगनारायण यादव उर्फ विशाल यादव के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि वह पूर्व में माओवादी गतिविधियों से भी जुड़ा रहा था।

मामले के खुलासे के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। जांच के आधार पर उमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बेलहरा निवासी विकास सिंह और पाटन थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव निवासी अभिषेक कुमार सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment