होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

दहेज के 70 हजार रुपये नहीं मिलने पर नवविवाहिता को जिंदा जलाने का आरोप, इलाज के दौरान मौत

On: June 26, 2026 4:21 AM
Follow Us:

तरहसी/पलामू।
पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार गांव में दहेज की बकाया राशि 70 हजार रुपये नहीं मिलने पर एक नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाने का मामला सामने आया है। कई दिनों तक रांची के रिम्स में इलाज के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजन शव लेकर तरहसी थाना पहुंचे और पति व ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि मृतका के परिजनों की लिखित शिकायत पर पति पवन कुमार एवं ससुर महेंद्र राम के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। वहीं, शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

दहेज के लिए प्रताड़ना, 10 जून को जलाने का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही बकाया दहेज की रकम को लेकर नेहा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि 10 जून को पति और ससुर ने मिलकर नेहा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने नेहा को पहले मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे रांची के एक निजी अस्पताल और बाद में रिम्स रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था।

25 नवंबर 2025 को हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चौनपुर गांव निवासी बबलू राम ने अपनी 20 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी की शादी 25 नवंबर 2025 को पदमा सूर्य मंदिर में कसमार निवासी पवन कुमार के साथ की थी। शादी के दौरान डेढ़ लाख रुपये दहेज तय हुआ था। इसमें 80 हजार रुपये दिए जा चुके थे, जबकि 70 हजार रुपये शेष थे।

घर लौटने के दौरान रास्ते में हुई मौत
परिजनों के अनुसार, 25 जून को डॉक्टरों ने इलाज की सीमित संभावना बताते हुए मरीज को घर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद नेहा को घर लाया जा रहा था, लेकिन 26 जून की सुबह करीब दो बजे रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर सीधे तरहसी थाना पहुंचे और न्याय की मांग की।

पति ने आरोपों से किया इनकार
आरोपी पति पवन कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया है। उसका कहना है कि उसे यह जानकारी नहीं है कि नेहा को किसने आग लगाई। उसने दावा किया कि घटना की सूचना मिलते ही वह उसे बचाने पहुंचा था और इलाज के दौरान भी उसके साथ रहा। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment