होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

आजादी के बाद भी गडंडा उर्फ आसिक नगर की सड़क बदहाल, ग्रामीणों ने सड़क पर धान रोपकर जताया विरोध

On: August 20, 2026 6:11 AM
Follow Us:

मोहम्मदगंज। मोहम्मदगंज प्रखंड अंतर्गत भजनिया पंचायत के गडंडा गांव, उर्फ आसिक नगर में सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आजादी से पहले से चली आ रही सड़क की समस्या आजादी के बाद भी जस की तस बनी हुई है। गांव तक पहुंचने वाली सड़क का समुचित निर्माण नहीं होने से लोगों को वर्षों से परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि सामान्य दिनों में भी बाइक से आवागमन करना मुश्किल है। वहीं, बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है। ऐसे में चारपहिया वाहनों का गांव तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को सबसे अधिक परेशानी होती है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर मुखिया, विधायक, सांसद और जिला प्रशासन के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। केंद्रीय सदस्य मनजीत कुमार मेहता के नाम से उपायुक्त को लेटरपैड के माध्यम से सड़क निर्माण के लिए आवेदन भी दिया गया था। ग्रामीणों के मुताबिक आवेदन दिए करीब दो माह बीत चुके हैं, लेकिन मामला अब भी मोहम्मदगंज बीडीओ स्तर पर लंबित है। ग्रामीणों का कहना है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

इसी उपेक्षा के विरोध में दर्जनों ग्रामीणों ने बदहाल सड़क पर धान रोपकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। युवा, महिला और पुरुष ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि अब आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर सड़क का निर्माण चाहिए।
केंद्रीय सदस्य मनजीत कुमार मेहता ने कहा कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए ग्रामीणों को आंदोलन करना पड़ रहा है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को समस्या का गंभीरता से संज्ञान लेकर तत्काल पहल करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे। जरूरत पड़ने पर चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन जैसे कार्यक्रम भी किए जाएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल जांच कर स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा और आने वाले दिनों में इसे और व्यापक किया जाएगा।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment