मेदिनीनगर।
पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर पंचायत के इरगु गांव में बुधवार सुबह तालाब से एक बुजुर्ग का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बंधु उरांव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पांकी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मेदिनीनगर भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। ग्रामीणों के बीच हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






