हरिहरगंज (पलामू)।अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर लौट रहे अंचल अधिकारी (सीओ) मनीष कुमार सिन्हा पर शनिवार को अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार हमलावरों ने न सिर्फ उनके साथ मारपीट की, बल्कि सरकारी कागजात फाड़ दिए और जब्त किए गए वाहनों में से दो हाइवा लेकर फरार हो गए।
घटना सुरभि होटल के समीप की बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एनएच-139 से तीन हाइवा वाहनों को जब्त कर अंचल कार्यालय लाया जा रहा था। इसी दौरान काले रंग की थार गाड़ी से पहुंचे अज्ञात लोगों ने रास्ता रोक लिया और अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने सीओ का मोबाइल छीन लिया और सरकारी दस्तावेजों को नष्ट कर दिया। मारपीट के दौरान वे दो जब्त हाइवा लेकर फरार हो गए, जबकि एक वाहन सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।
घटना की पुष्टि हरिहरगंज थाना प्रभारी देवब्रत पोद्यार ने करते हुए बताया कि सीओ के साथ मारपीट हुई है। उन्होंने कहा कि छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया गया है। आगे उन्होंने कहा की घटना लगभग शनिवार दोपहर 3 से 4 बजे के दौरान हुआ है, इस मामले में आठ लोगों पर नामजद जिसमे दो ड्राइवर तथा दो मालिक शामिल है तथा तीन से चार अज्ञात लोगों पर एफआईआर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।






