चैनपुर। पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर कोयल नदी से गुरुवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। नदी किनारे शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
खबर लिखे जाने तक मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए स्थानीय लोगों तथा आसपास के क्षेत्रों में संपर्क करना शुरू कर दिया है। साथ ही युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल शव की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।






