मोहम्मदगंज। थाना क्षेत्र अंतर्गत लॉटपोरी गांव के समीप मुख्य सड़क पर गुरुवार की शाम करीब 7:15 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि मोटरसाइकिल संख्या JH03 AS 9573 पर तीन लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को सड़क से उठाकर इलाज के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार, सभी घायलों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की प्रारंभिक जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की गति अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक पेड़ से टकरा गई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों की पहचान और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है।






