चोरी के 14 मोबाइल बेचने पहुंचे दो युवक गिरफ्तार, सैटेलाइट डिजिटल रिसीवर भी बरामद
पलामू।
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के हरिहरगंज बाजार में चोरी के मोबाइल बेचने पहुंचे दो युवकों को पुलिस ने शनिवार को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से कुल 14 मोबाइल फोन, एक सैटेलाइट डिजिटल रिसीवर समेत अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार (23 वर्ष), पिता रामाश्रय राम, निवासी बेला, थाना टंडवा (बिहार) तथा भोलू कुमार (19 वर्ष), पिता ब्रजेश राम, निवासी खड़गपुर, थाना हरिहरगंज के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हरिहरगंज थाना के एएसआई जावेद गश्ती पर थे। इसी दौरान करीब 19:45 बजे सूचना मिली कि पम्मी लाल चौक स्थित गोल्डेन मोबाइल दुकान में दो युवक चोरी के मोबाइल बेचने पहुंचे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को दुकान में मौजूद पाया। पूछताछ में मोबाइल के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने दोनों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आईटेल कंपनी के आठ कीपैड मोबाइल, लावा कंपनी के पांच कीपैड मोबाइल और गोल्ड प्लस कंपनी का एक मोबाइल, एक सैटेलाइट डिजिटल रिसीवर समेत अन्य सामान बरामद हुआ। बरामद सामान के संबंध में दोनों युवक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने रविवार को बताया कि पूछताछ में दोनों युवकों के बिहार के टंडवा थाना क्षेत्र से मोबाइल चोरी कर हरिहरगंज बाजार में बेचने के लिए आने की बात सामने आई है। दोनों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस बरामद मोबाइलों के स्रोत और चोरी की घटनाओं से उनके संबंध की जांच कर रही है।






