मेदिनीनगर।
आगामी 12 अप्रैल को मेदिनीनगर में आयोजित होने वाले “हिंदू सम्मेलन” को लेकर शुक्रवार को होटल RDS में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू समाज की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करना, परंपराओं के संरक्षण को बढ़ावा देना तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।
प्रेस वार्ता के दौरान हिंदू सम्मेलन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने, आपसी सहयोग की भावना को प्रबल करने तथा सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास है। समिति के अनुसार, यह “हिंदू सम्मेलन” 12 अप्रैल 2026 (रविवार) को संध्या 4 बजे शिवाजी मैदान, मेदिनीनगर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारंपरिक कला एवं विरासत का प्रदर्शन तथा समाज के प्रबुद्ध और प्रतिष्ठित वक्ताओं के प्रेरणादायक उद्बोधन मुख्य आकर्षण होंगे। विशेष रूप से युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपरा और मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
इस अवसर पर समिति के संयोजक सुरेन्द्र विश्वकर्मा ने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है और एकता हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। वहीं अध्यक्ष रामदास साहू ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में पूज्य 1008 श्रीसीता राम शरण जी, साध्वी लाडली शरण जी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह क्षेत्र कार्यवाह विनेश जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही संरक्षक मंडली की घोषणा भी की गई, जो आयोजन के मार्गदर्शन का कार्य करेगी।
सचिव कुमार गौरव ने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समस्त हिंदू समाज को एकजुट करना है तथा इस प्रकार के कार्यक्रम देशभर में 1 लाख 8 स्थानों पर आयोजित किए जा रहे हैं। प्रेस वार्ता में संयोजक सुरेन्द्र विश्वकर्मा, सह संयोजक सतीश तिवारी, उपाध्यक्ष विकाश सिंह, सचिव कुमार गौरव, प्रचार प्रमुख रोहित पाठक, श्वेत रंजन, कोषाध्यक्ष विकाश तिवारी, पंकज जयसवाल, विनीत पाण्डेय, सूर्यकांत पासवान सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समिति ने सभी नागरिकों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है तथा मीडिया से इस पहल को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग देने का आग्रह किया है, ताकि कार्यक्रम व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल हो सके।
मेदिनीनगर में 12 अप्रैल को होगा भव्य हिंदू सम्मेलन, हजारों लोगों के आने की उम्मीद






