मेदिनीनगर (पलामू)।
पलामू जिले के मेदिनीनगर में वर्षों से चली आ रही आपसी सौहार्द और भाईचारे की परंपरा एक बार फिर रामनवमी के अवसर पर देखने को मिली। गुरुवार को शहर थाना परिसर में आयोजित एक विशेष समारोह में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हिंदू समाज के प्रतिनिधियों को सम्मानित कर गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल पेश की।
कार्यक्रम में मुहर्रम इंतजामिया कमिटी के सदस्यों ने श्री महावीर नवयुवक दल जेनरल के अध्यक्ष मंगल सिंह, विधायक आलोक चौरसिया, पलामू के पुलिस कप्तान रीष्मा रमेशन, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा, डीएसपी राजीव रंजन, शहर थाना प्रभारी युगल किशोर सहित नवयुवक दल के सदस्यों को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया।इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि पलामू की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के लिए रही है। यहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर हर पर्व-त्योहार को मनाते हैं, जो पूरे समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर पर इस तरह का आयोजन न केवल आपसी विश्वास को मजबूत करता है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देता है। कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सौहार्द बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस परंपरा को आगे बढ़ाएं और सभी धर्मों एवं समुदायों के त्योहारों का सम्मान करें। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र में शांति, भाईचारा एवं विकास के लिए प्रार्थना की। यह आयोजन एक बार फिर साबित करता है कि पलामू की धरती पर विविधता में एकता की भावना आज भी जीवित है।






