होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

द्वारिका गांव में महाशिवरात्रि मेले में फूड प्वाइजनिंग की आशंका, 200-250 बच्चे बीमार

On: February 16, 2026 12:18 PM
Follow Us:

पांकी (पलामू)।
पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वारिका गांव में महाशिवरात्रि मेले के दौरान कथित रूप से दूषित खाद्य पदार्थ सेवन से लगभग 200 से 250 बच्चों के बीमार पड़ने की सूचना है। एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत बिगड़ने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन और एंबुलेंस सेवा सक्रिय हो गई तथा राहत एवं उपचार कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, द्वारिका के रघुआखाड़ क्षेत्र में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित मेले में द्वारिका, यादव टोला, जमुआटांड़ सहित आसपास के कई गांवों के लोग शामिल हुए थे। मेले में लगे खाद्य स्टॉलों से बच्चों ने गोलगप्पे सहित अन्य खाद्य सामग्री का सेवन किया था। इसके बाद रविवार देर रात से बच्चों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत सामने आने लगी। सोमवार सुबह तक बीमार बच्चों की संख्या तेजी से बढ़ गई।

स्थिति को गंभीर देखते हुए ग्रामीणों ने पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सूचना दी। मेडिकल टीम एंबुलेंस के साथ गांव पहुंची और कई बच्चों को गांव में ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से प्रभावित बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अतिरिक्त दवाइयों और मेडिकल कर्मियों की व्यवस्था की गई है तथा प्रभावित बच्चों की लगातार निगरानी की जा रही है। चिकित्सा प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक लक्षण फूड प्वाइजनिंग की ओर संकेत करते हैं, हालांकि अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला चिकित्सा पदाधिकारी अनिल श्रीवास्तव स्वयं पांकी पहुंचे। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और आवश्यक दवाओं, बेड तथा मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

इधर प्रशासन ने संबंधित खाद्य स्टॉल संचालकों की पहचान कर जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही सिद्ध होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अधिकांश बच्चों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप कर लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक आयोजनों में खुले खाद्य पदार्थों के सेवन में सावधानी बरतें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तुरंत चिकित्सा केंद्र से संपर्क करें।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment