पलामू।
पलामू जिले के ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के लुम्बा-सतबहिनी पंचायत अंतर्गत नवगढ़ गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दो दिनों से लापता 15 वर्षीय युवती का शव घर के पीछे स्थित कुएं में तैरता मिला। मृतका की पहचान शिव कुमार पासवान की पुत्री रामा कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रामा कुमारी 14 सितंबर को अपने घर से लापता हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह घर के पास स्थित कुएं में शव तैरता देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद ऊंटारी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम का माहौल है।
ऊंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी ने बताया कि युवती के लापता होने की सूचना परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई थी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती किसी लड़के से बातचीत करती थी, जिसकी जानकारी परिजनों को हुई थी। इसके बाद परिजनों ने उसे डांटा था और उसके बाद वह घर से लापता हो गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि युवती का शव जिस कुएं से बरामद हुआ है, वह उसके घर के पीछे ही स्थित है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






