पलामू।
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने शनिवार को पांकी थाना परिसर का वार्षिक एवं प्रशासनिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, सिरिस्ता, मालखाना और बैरक का जायजा लिया तथा विभिन्न पंजियों और अभिलेखों की गहनता से जांच की।
एसपी ने अपराध पंजी, स्टेशन डायरी और लंबित कांडों से संबंधित अभिलेखों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने अनुसंधान की प्रगति की जानकारी लेते हुए मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर जीतराम महाली और पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह की मौजूदगी में एसपी ने थाना के सभी एसआई और एएसआई से अलग-अलग मामलों की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था, गश्ती व्यवस्था और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि थाना पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ सुनते हुए उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।






