मेदिनीनगर।
बैरिया चौक के पास बाईपास रोड की जर्जर स्थिति से परेशान युवाओं ने रविवार दोपहर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी जमा होने से सड़क की स्थिति धान के खेत जैसी हो गई है। इसी के विरोध में युवा समाजसेवी आशीष भारद्वाज के नेतृत्व में युवाओं ने सड़क पर सांकेतिक रूप से धान की रोपाई कर नगर निगम प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी हो रही है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से कई बार वाहन चालक गड्ढों का अंदाजा नहीं लगा पाते और दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की समस्या को लेकर पूर्व में भी नगर निगम कार्यालय को जानकारी दी गई थी, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ है। भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क के गड्ढे और गहरे होते जा रहे हैं।
आशीष भारद्वाज ने कहा कि जिस सड़क पर वाहनों का आवागमन होना चाहिए, वह बारिश के बाद धान के खेत जैसी नजर आ रही है। बैरिया चौक नगर निगम क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है, जो बिहार, उत्तर प्रदेश सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी सिर्फ होल्डिंग टैक्स लेना नहीं, बल्कि आम लोगों को बेहतर सड़क और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द सड़क की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया तो युवा धरना देने को मजबूर होंगे। युवाओं ने बैरिया चौक समेत नगर निगम क्षेत्र की सभी जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही नगर आयुक्त और उपायुक्त को लिखित आवेदन सौंपने की तैयारी की जा रही है। प्रदर्शन में विकास दुबे, दीपक प्रसाद, अंकित आरंभ, आकाश विश्वकर्मा, दिलीप गिरी, मनीष तिवारी, सुजीत कुमार, सूरज सिंह, रिशु दुबे, बोनल समेत कई युवा मौजूद रहे।






