पलामू।
नावा बाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव में मंगलवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अमरजीत चौहान उर्फ छोटू के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अमरजीत अपने कमरे में अकेला था। इसी दौरान कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को आनन-फानन में अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नावा बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ कमरे से एक पिस्टल भी बरामद किया है।
पुलिस फिलहाल परिजनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि, यह आत्महत्या का मामला है या गोली चलने के पीछे कोई अन्य वजह है, इसका स्पष्ट खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।






