मेदिनीनगर।
शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेडमा स्थित भगवती अस्पताल की चाहरदिवारी के पास शनिवार को करीब 40–45 वर्ष की एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर चेहरे और शरीर में कई जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर टीओपी टू की पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। टीओपी टू प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
इधर, सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राकेश रंजन और शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार शव करीब दो दिन पुराना है। महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त पाए गए हैं, जिससे दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि महिला को एक किराये के मकान में लाया गया था। जिस व्यक्ति ने मकान किराये पर लिया था, वही महिला को वहां लाया था और फिलहाल फरार है।
पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और कई बिंदुओं पर जांच जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का स्पष्ट खुलासा होने की संभावना है।






