पलामू।
सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लहलहे पंचायत के सिन्दूरिया गांव में जल निकासी की समस्या के कारण ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ गई है। लेस्लीगंज मार्ग से मुख्य बस्ती को जोड़ने वाले पीसीसी पथ पर जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के निचले हिस्से (दौंन) में जल निकासी की उचित व्यवस्था किए बिना कुछ लोगों ने मकान बना लिए और मनमाने तरीके से मिट्टी भराई कर दी। इससे पानी के प्राकृतिक निकास का रास्ता बंद हो गया है। बारिश होने के बाद पानी सड़क पर जमा हो जाता है और रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है।
‘सर! हमारा ड्रेस गंदा हो जाता है, पानी हटवा दीजिए’
जलजमाव के बीच स्कूल जाने वाले बच्चों ने भावुक अपील करते हुए उपायुक्त से रास्ते से पानी हटवाने की मांग की है। बच्चों का कहना है कि गंदे पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे उनका ड्रेस गंदा हो जाता है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर भी चुके हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
दर्जनों घर और 20 एकड़ फसल पर संकट
ग्रामीणों के अनुसार, जल निकासी की समस्या का तत्काल समाधान नहीं हुआ तो सिन्दूरिया के निचले और ऊपरी हिस्सों में स्थित दर्जनों घरों, विद्यालय भवन और करीब 20 एकड़ कृषि योग्य भूमि में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे फसल के साथ-साथ घरों और अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
डीसी को आवेदन के बावजूद कार्रवाई का इंतजार
ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए पलामू उपायुक्त को पहले भी आवेदन देकर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई थी। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। स्थानीय प्रशासन की ओर से भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल निकासी के अवरुद्ध रास्ते को तत्काल खुलवाने, सड़क से पानी हटाने और अतिक्रमण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन बच्चों और ग्रामीणों की इस समस्या का कब तक समाधान करता है।
जल निकासी के रास्ते पर अतिक्रमण से जलजमाव, गंदे पानी से गुजरकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे






