नौडीहा बाजार/पलामू।
पलामू जिले में विकास योजनाओं को गति देने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में पलामू के उपायुक्त (DC)और पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी ने नौडीहा बाजार स्थित ऐतिहासिक बटाने जलाशय योजना स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जलाशय क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलाशय क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने और इसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। पर्यटन के रूप में विकास होने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने के साथ-साथ पलामू की पहचान को भी नई दिशा मिल सकती है।
वहीं, निरीक्षण के दौरान भू-अर्जन और बटाने जलाशय योजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों की समस्याओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय ग्रामीणों और विस्थापितों से सीधे संवाद कर उनकी मांगों और परेशानियों की जानकारी ली। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि विस्थापित परिवारों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों का आत्मीय व्यवहार भी देखने को मिला। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनके बीच टॉफियां बांटीं, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे।
इस मौके पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि बटाने जलाशय के पर्यटन विकास और विस्थापितों की समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल होगी।






