चैनपुर (पलामू)। पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदूआ गांव में बुधवार शाम अपराधियों ने दो लोगों को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि एक महिला पर चाकू से हमला कर उसे भी गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घायलों की पहचान गरदा गांव निवासी मकबूल मियां, सुलेमान मियां और शाहीना बीबी के रूप में हुई है। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
घायलों के परिजनों ने तबरेज, अबरेज आलम, गोखुला मियां, आजाद मियां, क्यूम मियां, शेरू मियां, सोनू मियां, इमरान मियां समेत कई अन्य लोगों पर गोलीबारी, मारपीट और महिला पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, घटना की वजह लड़की से कथित छेड़छाड़ को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला छेड़छाड़ से जुड़े विवाद का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।






