रामगढ़ (पलामू)। पलामू जिले के चैनपुर-हुटार मुख्य मार्ग पर रामगढ़ थाना क्षेत्र के बांसडीह-पीढ़े गांव के समीप शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर में चल रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान चांदो थाना क्षेत्र के खुरा गांव निवासी रविंद्र सिंह (17 वर्ष) तथा अवसाने छेछानी निवासी मनदीप सिंह के रूप में हुई है। रविंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनदीप सिंह ने एमएमसीएच पहुंचने के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में अरुण सिंह (20 वर्ष), पिता विश्वनाथ सिंह, निवासी खुरा गांव गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक बरवाडीह बाजार गए थे। वहां शराब पीने के बाद उनके बीच आपसी विवाद भी हुआ था। इसके बाद तीनों एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बांसडीह-पीढ़े गांव के ढलान पर सामने से आ रहे छर्री लदे हाइवा (संख्या JH01D-4500) से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर काफी देर तक पड़े रहे और उनके शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव होता रहा। सूचना मिलने पर हुटार पिकेट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों को तत्काल एमएमसीएच भेजा, जहां चिकित्सकों ने रविंद्र और मनदीप को मृत घोषित कर दिया। अरुण सिंह का इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। रविंद्र सिंह का शव रामगढ़ थाना में रखा गया है, जबकि मनदीप सिंह का शव एमएमसीएच में है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा दो की मौत एक की हालत गंभीर






