मेदिनीनगर।
शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेडमा ओवरब्रिज पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
मृतकों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी अजय राम के 22 वर्षीय पुत्र मिनसू कुमार तथा चैनपुर निवासी प्रभु ठाकुर के 21 वर्षीय पुत्र बिट्टू उर्फ गोपी अनंत के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया है, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिट्टू उर्फ गोपी के नाना बौद्ध ठाकुर के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कोट गांव में शादी समारोह आयोजित था। शनिवार की रात दोनों युवक उसी समारोह में शामिल होकर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रेडमा ओवरब्रिज पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों को इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मिनसू कुमार दो भाई और एक बहन में था, जबकि बिट्टू उर्फ गोपी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी पांच बहनें हैं। दोनों ही युवक स्नातक के छात्र थे।
घटना की खबर मिलते ही रविवार सुबह शाहपुर समेत आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग एमएमसीएच पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया। इस दौरान जिला नाजिर रामराज राम, सामाजिक कार्यकर्ता महेश पासवान एवं जन वितरण प्रणाली के विक्रेता मोहन चंद्रवंशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






