पलामू ।
रेहला थाना क्षेत्र अंतर्गत कधवन गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल बस के खलासी की मौत हो गई। इस घटना में स्कूली बच्चे बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। मृतक की पहचान रेहला निवासी 60 वर्षीय नूर मोहम्मद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कधवन गांव में दो स्कूल बसें खड़ी थीं और बच्चे उसमें चढ़ रहे थे। इसी दौरान नूर मोहम्मद एक बस में बच्चों को बैठा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार हाइवा ने एक बस को टक्कर मारते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
घटना स्थल पर ही नूर मोहम्मद की मौत हो गई। इसके बावजूद उन्हें तुरंत एमएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूर्वाह्न करीब 11 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जाता है कि नूर मोहम्मद पिछले 7-8 वर्षों से स्कूल बस में खलासी का कार्य कर रहे थे। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से उचित मुआवजे की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है स्थानीय लोगों ओर ग्रामीणों के द्वारा कुछ देर तक सड़क जाम किया गया जिसमें बाद रेहला थाना प्रभारी गुलशन बीरुआ के द्वारा परिजनों को समझा बुझा कर सड़क जाम हटाया गया।






