मेदिनीनगर (पलामू)।
पलामू पुलिस ने मेडिकल कॉलेज परिसर में चोरी की योजना बना रहे एक किशोर को गिरफ्तार कर उसके निशानदेही पर चोरी के दो गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। यह कार्रवाई सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार शाम करीब छह बजे की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक मेडिकल कॉलेज के आसपास चोरी की नीयत से संदिग्ध रूप से घूम रहा है। सूचना के बाद थाना प्रभारी अफजल अंसारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचने पर पुलिस ने एक किशोर को संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पकड़ा।
पूछताछ के दौरान किशोर ने मेडिकल कॉलेज की रेकी करने की बात स्वीकार की। उसने यह भी बताया कि वह पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ कुछ दिन पहले रजवाडीह स्कूल से दो गैस सिलेंडर चोरी करने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखे गए दोनों गैस सिलेंडर बरामद कर लिए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामा भुईया उर्फ बुचन भुईया (17 वर्ष), पिता राजकुमार भुईया, निवासी कचरवा टोला, बारालोटा, जिला पलामू के रूप में हुई है तथा उसके पास से दो गैस सिलेंडर भी पुलिस ने बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी सदर थाना कांड संख्या 143/2025, दिनांक 29 दिसंबर 2025 के तहत मामला दर्ज है।
इस छापेमारी दल में सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, एसआई तेरेसा मिंज (अनुसंधानकर्ता), एसआई पंकज कुमार तिवारी, एसआई सुजीत कुमार पांडेय, एसआई नबी अंसारी, आरक्षी सुरेश सिंह तथा आरक्षी शेखर उरांव शामिल थे






