पलामू।
पलामू जिले के नीलांबर-पीतांबरपुर (लेस्लीगंज) थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहरा गांव से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपनी ही करीब 20 वर्षीय बेटी की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में मातम का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहरा गांव निवासी अगस्त महतो की बेटी रविवार रात अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर प्रेम प्रसंग के शक में पिता ने उस पर टांगी से हमला कर दिया। हमले में युवती के गर्दन, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता फरार हो गया।
ग्रामीणों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पिता अपनी बेटी के कथित प्रेम संबंध को लेकर नाराज रहता था। बताया जा रहा है कि उसने बेटी को मोबाइल फोन पर बात करते हुए देखा था तथा कुछ तस्वीरें भी देखी थीं, जिसके बाद वह काफी गुस्से में था। आरोप है कि रविवार रात जब युवती सो रही थी, तभी पिता उसके कमरे में पहुंचा और टांगी से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नीलांबर-पीतांबरपुर थाना पुलिस सोमवार सुबह मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।
इस संबंध में लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि आरोपी पिता घटना के बाद से फरार है। घटना में प्रयुक्त टांगी को पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।






