मेदिनीनगर (पलामू)।
सदर थाना क्षेत्र के जोड़ गांव में बुधवार रात तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के एक बछड़े से टकरा जाने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में बाइक सवार साला-बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को टेंपो से इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) भेजा।
घायलों की पहचान जोड़ गांव निवासी रवि कुमार (पिता- अनिल राम) तथा नरही निवासी अनिल राम (पिता- बिहारी राम) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में साला-बहनोई बताए जा रहे हैं। अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है। एमएमसीएच में अस्पताल चौकी के महेंद्र कुमार ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को भर्ती करवाया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस टीम के साथ रात करीब साढ़े आठ बजे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सड़क पर पड़े मृत बछड़े को हटवाकर गड्ढा खुदवाकर सम्मानपूर्वक दफन कराया, जिससे यातायात भी सुचारु हो सका।
थाना प्रभारी की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की ग्रामीणों ने सराहना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
तेज रफ्तार बाइक बछड़े से टकराई, साला-बहनोई गंभीर घायल; थाना प्रभारी ने मृत बछड़े को दफनवाया






