सर्जरी, मेडिसिन और ऑर्थो विभाग में रोस्टर के अनुसार ड्यूटी अनिवार्य, इमरजेंसी के लिए छह बेड सुरक्षित रखने का निर्देश
मेदिनीनगर, पलामू।
दशहरा पर्व के दौरान किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH), पलामू में विशेष चिकित्सा दल का गठन किया गया है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, 17 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इसका उद्देश्य पर्व के दौरान दुर्घटना, मारपीट या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
गठित चिकित्सा दल में सर्जरी विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. अमित विक्रम प्रसाद, अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ, डॉ. आरके रंजन, सर्जन डॉ. अजय कुमार और डॉ. रोहित कुमार को शामिल किया गया है।
इसके अलावा ड्रेसर के रूप में अभिषेक दूबे, संतोष उपाध्याय और लव कुमार तथा वार्ड बॉय के रूप में रवि कुमार और अजय ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अस्पताल प्रबंधन ने मेट्रोन को निर्देश दिया है कि सर्जरी, मेडिसिन और ऑर्थो विभाग में रोस्टर के अनुसार सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। वहीं, इमरजेंसी विभाग के कैजुअल्टी इंचार्ज को भी निर्धारित रोस्टर के मुताबिक कर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
इमरजेंसी में छह बेड सुरक्षित रखने का निर्देश
दशहरा के दौरान आपातकालीन मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इमरजेंसी विभाग में छह बेड एक ही कमरे में सुरक्षित रखने का निर्देश भी दिया गया है।
अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पालन करने तथा जरूरत के समय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रखने को कहा है।






