तीन दिवसीय बंदी के आखिरी दिन कई दुकानें रहीं बंद, सड़कों पर कम दिखे वाहन
पांडु।
टीपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू की पुलिस कार्रवाई में मौत के विरोध में संगठन द्वारा आहूत तीन दिवसीय बंदी के अंतिम दिन शनिवार को पांडु प्रखंड क्षेत्र में इसका असर देखने को मिला। पांडु बाजार की कई दुकानें बंद रहीं, जबकि कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोलीं। दुकानें बंद रहने से बाजार में सामान्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल कम रही।
बंदी का असर यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। प्रखंड क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में कम रही। हालांकि, आवश्यक कार्यों से घरों से निकलने वाले लोगों और वाहनों की आवाजाही जारी रही।
बंदी को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती गई। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी रही। समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई थी और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं थी।
तीन दिवसीय बंदी की अवधि समाप्त होने के बाद अब बाजार और यातायात व्यवस्था के धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है।






