नफीस अहमद के इस्तीफे और पद पर बने रहने की स्थिति स्पष्ट करने की मांग, निष्पक्ष जांच का आग्रह
मेदिनीनगर।
नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय, मेदिनीनगर में कुलसचिव नफीस अहमद के पद पर बने रहने को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने राज्यपाल सह विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष गंगवार के समक्ष सवाल उठाए हैं। प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी और निष्पक्ष जांच तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
अभाविप के अनुसार, कुलसचिव नफीस अहमद ने 11 अगस्त 2026 को पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिए जाने की बात सामने आई थी। संगठन ने कहा कि इसके बाद उच्च शिक्षा विभाग की ओर से वैकल्पिक कुलसचिव की व्यवस्था को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने की जानकारी है। ऐसे में वर्तमान कुलसचिव किस प्रशासनिक आधार पर पद पर बने हुए हैं और महत्वपूर्ण प्रशासनिक व वित्तीय निर्णयों में उनकी भूमिका किस अधिकार के तहत जारी है, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए। अभाविप ने राज्यपाल से पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा स्थिति स्पष्ट होने तक संबंधित अधिकारी को महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं वित्तीय निर्णयों से अलग रखने की मांग की।
प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि विश्वविद्यालय में नियम और निर्धारित प्रक्रिया सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मांग किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और तथ्यों को सार्वजनिक करने को लेकर है। प्रदेश सह मंत्री अभय वर्मा ने कहा कि कुलसचिव के पद को लेकर उत्पन्न स्थिति से विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित विभाग को स्पष्ट करना चाहिए कि वर्तमान स्थिति क्या है और किस आदेश या प्रक्रिया के आधार पर कुलसचिव पद पर बने हुए हैं।
राज्यपाल ने ज्ञापन को गंभीरता से सुना
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के समक्ष विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था और विद्यार्थियों से जुड़े अन्य विषय भी रखे। अभाविप के अनुसार, राज्यपाल ने ज्ञापन और उठाए गए सवालों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विश्वविद्यालय से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के लिए लोक भवन से जल्द सूचना जारी करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में प्रांत अध्यक्षा डॉ. मौसमी पॉल, प्रांत संगठन मंत्री पशुपति नाथ उपमन्यु, प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू, अभय वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।






