मेदिनीनगर।
पलामू संसदीय क्षेत्र के लिए रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ी और महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। पूर्व मध्य रेलवे जोन के अंतर्गत गया जिले के शेरघाटी से पलामू के कजरी तक नई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन के निर्माण के लिए रेलवे बोर्ड ने 2,627.29 करोड़ रुपये की लागत वाले विस्तृत प्राक्कलन को स्वीकृति दे दी है। प्रस्तावित शेरघाटी-कजरी रेल लाइन की लंबाई करीब 107.894 किलोमीटर होगी।
परियोजना की स्वीकृति को पलामू संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई रेल लाइन बनने से पलामू और आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ आवागमन, व्यापार, उद्योग, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है।
परियोजना को लेकर पलामू सांसद वीडी राम ने कहा कि शेरघाटी-कजरी रेल लाइन क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग रही है। इस मांग को रेलवे की जोनल और मंडल स्तरीय बैठकों के अलावा लोकसभा में शून्यकाल और नियम 377 के माध्यम से लगातार उठाया गया। इसके साथ ही रेलवे बोर्ड और संबंधित अधिकारियों से पत्राचार तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत मुलाकात कर परियोजना को मंजूरी देने का आग्रह किया गया।
रेलवे बोर्ड से विस्तृत प्राक्कलन की स्वीकृति मिलने के बाद अब परियोजना के आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है। रेल लाइन के निर्माण से कृषि उत्पाद, खनिज और अन्य स्थानीय उत्पादों के परिवहन को भी सुविधा मिलने की संभावना है। इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों, निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
सांसद वीडी राम ने परियोजना की स्वीकृति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह पलामू में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार और विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत है।






