मेदिनीनगर/पलामू।
पलामू के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल दिलीप तिवारी उर्फ मिंटू का रविवार को पुलिस ने शहर में पैदल मार्च निकाला। पूछताछ के लिए 24 घंटे की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस ने उसे हथकड़ी लगाकर शहर थाना से सेंट्रल जेल तक पैदल ले जाया।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ राजेश यादव, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार तथा अन्य पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। पैदल मार्च शहर थाना से शुरू होकर छहमुहान, बस स्टैंड और जेलहाता चौक होते हुए सेंट्रल जेल तक पहुंचा।
गौरतलब है कि 25 अप्रैल की शाम रेडमा निवासी जमीन कारोबारी विनीत तिवारी का घर के समीप से अपहरण कर लिया गया था। अपहरण के बाद उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई थी। बाद में उसका नग्न शव सदर थाना क्षेत्र के जोरकट स्थित झाड़ियों से बरामद हुआ था। मामले में मृतक के पिता ने दिलीप तिवारी, उसके भाई प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
हालांकि यह मामला हाई प्रोफाइल होने के बावजूद पुलिस अब तक केवल दिलीप तिवारी को ही गिरफ्तार कर सकी है। अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। हाल ही में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल समेत अन्य आरोपियों के घरों पर इश्तिहार चिपकाकर जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी थी।
सूत्रों के अनुसार, रिमांड के दौरान दिलीप तिवारी ने पुलिस को हत्याकांड से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिससे अनुसंधान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। पुलिस इन सूचनाओं के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर सकती है। इधर, पुलिस ने फरार आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल के आवास और जमीन की नापी भी करवा ली है। अधिकारियों का कहना है कि यदि वह जल्द सरेंडर नहीं करता है तो उसकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुलिस का मानना है कि शहर के बीचों-बीच निकाला गया यह पैदल मार्च अपराधियों के मनोबल को तोड़ने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से किया गया है।
विनीत तिवारी हत्याकांड: आरोपी दिलीप उर्फ मिंटू का पुलिस ने निकाला पैदल मार्च, महाकाल की संपत्ति पर कुर्की की तैयारी






