मेदिनीनगर।
सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुआ कौड़िया गांव में रविवार शाम एक पुलिस जवान पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दी। घटना उस समय हुई जब जवान अपने ससुराल के दरवाजे पर पहुंचे थे। गोली उनके हाथ में लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना रविवार शाम करीब 5 बजे की है। बताया जा रहा है कि दो अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे और अचानक पीछे से जवान पर गोली चला दी। गोली मारने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।घायल जवान की पहचान 33 वर्षीय पवन सिंह के रूप में हुई है। वह लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवईया चामा गांव के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार पवन सिंह छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे और ससुराल में परिजनों से मिलने सुआ गांव पहुंचे थे। जैसे ही वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी कर रहे थे, तभी अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया।घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पवन सिंह ने बताया कि पुरानी दुश्मनी के कारण उन पर हमला किया गया है। उन्होंने हमलावरों की पहचान करने की बात भी कही है।इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में घटना के बाद दहशत का माहौल है।






