पलामू।
पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के नरेंद्र बिगहा में 2 सितंबर की शाम हुए छोटू सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त साकेत पाठक समेत तीन बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे कछरा गांव निवासी छोटू सिंह उर्फ ओम प्रकाश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के पिता भुवनेश्वर प्रसाद सिंह के बयान पर 10 नामजद समेत अन्य संदिग्धों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना और लोकेशन के आधार पर पुलिस ने मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त साकेत पाठक को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि साकेत पाठक से पूछताछ और जांच के दौरान मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर अप्राथमिकी अभियुक्त अंकित कुमार और अमन सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। साथ ही एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि विधि-विरुद्ध बालक को बाल संरक्षण केंद्र भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।






