यू-17 वॉलीबॉल एवं फुटबॉल की बालक-बालिका टीम रांची रवाना
मेदिनीनगर। राज्यस्तरीय खेलो झारखंड 2026-27 प्रतियोगिता में पलामू के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाने के लिए बृहस्पतिवार को रांची रवाना हुए। यू-17 वॉलीबॉल एवं फुटबॉल की बालक एवं बालिका टीम को खिलाड़ियों और कोच-मैनेजर के साथ बस से रांची भेजा गया।
एडीपीओ श्री अंबुजा पांडे एपीओ श्री उज्ज्वल मिश्रा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया। मौके पर खेल कोषांग के सदस्य हीरालाल यादव, रणजीत सिंह, साकेत शुक्ला एवं अरविंद दुबे विशाल गुप्ता प्रभारी प्राध्यापक संतोष कुमार सहित कोच-मैनेजर मौजूद रहे।
शारीरिक शिक्षा शिक्षक अनुपम तिवारी ने बताया कि वॉलीबॉल एवं फुटबॉल की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता 9 एवं 10 अक्टूबर को रांची के खेलगांव स्टेडियम में आयोजित होगी। पलामू से चयनित 56 खिलाड़ी और 08 कोच-मैनेजर सहित कुल 64 सदस्यीय दल प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगा।
टीम के रवाना होने के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों एवं खेल शिक्षकों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन कर पलामू का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।






