पलामू।
चौनपुर थाना क्षेत्र के भड़गावा स्थित चट्टीपार गांव में मंगलवार को जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीणों ने कर्पूरी ठाकुर चौक को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इस दौरान मालती देवी (पति मुनारिक पासवान) से आवेदन लेकर मामले को जांच के लिए अंचलाधिकारी को भेज दिया गया है। जाम से पहले विवादित स्थल पर भी तनाव की स्थिति देखी गई। ग्रामीणों ने रास्ता और जमीन पर अपना दावा करते हुए निर्माणाधीन स्थल पर तोड़फोड़ की। नींव में डाली गई सरिया को उखाड़कर फेंक दिया गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
जाम में शामिल भाजपा नेता सह पूर्व जिला परिषद सदस्य शैलेंद्र कुमार शैलू, युवा समाजसेवी राहुल कुमार पासवान, मुखिया पति विजय बैठा, पूर्व उपमुखिया सुजीत पासवान सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे और पलामू उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आत्मदाह व घेराव तक करेंगे।
इधर, मुनारिक पासवान ने आरोप लगाया कि उनकी लगभग एक एकड़ जमीन पर रूपेश कुमार और सरवन गुप्ता अवैध रूप से घेराबंदी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रखंड प्रशासन की मिलीभगत से जमीन का स्वरूप बदल दिया गया है।
वहीं, दूसरे पक्ष के रूपेश गुप्ता ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने सुशील राम से खाता संख्या 140, प्लॉट संख्या 112 की जमीन खरीदी है और वैध रूप से निर्माण कार्य कर रहे थे। उनका आरोप है कि मुनारिक पासवान और अन्य लोगों ने मिलकर निर्माण स्थल पर तोड़फोड़ की और सरिया उखाड़ दी।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से दस्तावेज मांगे गए हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।






