पलामू।
राज्य सरकार के गृह विभाग ने झारखंड सहित पलामू जिले में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए कई महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों का तबादला किया है। इस बदलाव के तहत उपायुक्त (डीसी), पुलिस अधीक्षक (एसपी), आईजी सहित हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को भी बदला गया है।
पलामू के नए उपायुक्त के रूप में दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को नियुक्त किया गया है, जबकि कपिल चौधरी जिले के नए पुलिस अधीक्षक होंगे। वहीं, आईजी शैलेश सिंह को बोकारो रेंज स्थानांतरित किया गया है और उनकी जगह नरेंद्र कुमार सिंह पलामू का प्रभार संभालेंगे।
इसके अलावा हुसैनाबाद अनुमंडल में भी बदलाव करते हुए दिव्यांशु शुक्ला को नया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बनाया गया है।
इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।






