मेदिनीनगर/नौडीहा बाजार।
पलामू जिले के नौडीहा बाजार एवं छत्तरपुर थाना क्षेत्र की सीमा से सटे जंगली इलाके में नौडीहा बाजार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा बरामद किया है। पुलिस ने इस दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि पिकअप वाहन का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
वरीय पदाधिकारी को शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम जवाड़ के जंगल क्षेत्र से अवैध अफीम डोडा की बड़े पैमाने पर खरीद-बिक्री एवं परिवहन किया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस टीम का गठन कर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया। छापामारी के दौरान पुलिस के द्वारा जंगल के रास्ते में वाहन चेकिंग किया गया जिस दौरान एक मोटरसाइकिल (नं.JH03AS-1622) पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक पिकअप वाहन का चालक पुलिस को देखकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान विजय परहिया (25 वर्ष) एवं प्रमोद यादव (40 वर्ष), दोनों निवासी पलामू के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पिकअप वाहन में लदे अवैध अफीम डोडा को सुरक्षित बाहर ले जाने के लिए आगे-आगे रेकी कर रहे थे।
पुलिस ने पिकअप वाहन (नं. BR26GC-3661) से कुल 60 बोरों में भरे करीब 815 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया। साथ ही मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। सभी बरामद सामान को विधिवत सील कर लिया गया है। इस संबंध में नौडिहा बाजार थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार पिकअप चालक एवं अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अवध कुमार यादव, पुलिस निरीक्षक द्वारिका राम, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी सहित नौडिहा बाजार थाना के अन्य पुलिसकर्मी इस कार्रवाई में शामिल रहे।






