पलामू।
जिले के पाटन थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में घर के आंगन में सो रहे ग्रामीण की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे एक घर में जा घुसी। दुर्घटना में डॉक्टर भी घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार अपनी कार (जेएच 03 एसी 8251) से पाटन से मेदिनीनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिक्की गांव के पास एक टर्निंग पर अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे स्थित एक घर में घुस गई और आंगन में सो रहे विनोद सिंह को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घर के सदस्य और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल विनोद सिंह को इलाज के लिए ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं दुर्घटना में घायल डॉ. मिथिलेश कुमार को ग्रामीणों की मदद से कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जाता है कि मृतक विनोद सिंह टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
घटना के बाद ग्रामीणों के द्वारा बैरिया पाटन मुख्य सड़क को ग्रामीणों के द्वारा सिक्की में करीब एक घंटा से अधिक समय तक जाम कर दिया गया। इसके बाद प्रशासन के द्वारा काफी मशक्कत के बाद सड़क को खाली करवाया गया इसके बाद परिचालन सामान्य हुआ।
पाटन थाना प्रभारी अनिल कुमार विद्यार्थी ने शुक्रवार सुबह घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चिकित्सा पदाधिकारी की कार से दुर्घटना हुई है, जिसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई है। डॉक्टर घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।






