मेदिनीनगर।
शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीएलए कॉलेज के पास बारालोटा में बुधवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान इंजीनियर अभिषेक दुबे की पत्नी अदिति उर्फ रिचा के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार अदिति को पांकी रोड स्थित आशी केयर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार महिला को मृत अवस्था में ही लाया गया था। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही दोपहर करीब 12 बजे मायके पक्ष के लोग एमएमसीएच पहुंचे और पति सहित ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका के पिता राकेश मिश्रा ने बताया कि सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन वहां पहुंचने पर उसकी मौत की खबर मिली।मायके पक्ष का आरोप है कि पिछले छह महीने से अदिति को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पिता, चाचा राहुल मिश्रा समेत अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि पति, ससुर दुर्गेश दुबे, सास उषा देवी, ननद, मामी चंद्रावती देवी और देवर अनिमेष सहित अन्य लोग मिलकर अदिति को मानसिक एवं शारीरिक रूप से परेशान कर रहे थे। परिजनों का कहना है कि अंततः उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाने की कोशिश की गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद से पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य फरार हैं। मृतका के पिता के अनुसार, उसका पति नौकरी ज्वाइन करने के बहाने अस्पताल भी नहीं पहुंचा और घटना के बाद से गायब है। अस्पताल परिसर में मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।






